home page

जनाना अस्पताल में किशोरी से रेप करने वाले रेजिडेंट डाक्टर और ई मित्र संचालक गिरफ्तार

 | 
जनाना अस्पताल में किशोरी से रेप करने वाले रेजिडेंट डाक्टर और ई मित्र संचालक गिरफ्तार


अजमेर, 13 अप्रेल(हि.स.)। अजमेर के लोहागल रोड स्थित संभाग के सबसे बड़े जनाना अस्पताल के रेजिडेंट डाक्टर जालौर निवासी कैलाश जीनगर और एक ई मित्र संचालक कुशाल चौहान को क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने एक किशोरी के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपित डाक्टर ने किशोरी से मेल मुलाकात तब बढ़ा ली थी जब वह अपनी भाभी की डिलीवरी के सिलसिले में जनवरी 2025 में जनाना अस्पताल आती थी। डॉक्टर ने किशोरी के साथ रेप अपने नजदीकी अस्थाई निवास वाटिका प्राइड पर ले जाकर किया और उसे धमका कर बार बार बुलाया भी।

क्रिश्चियनगंज थाना पुलिस प्रभारी अरविंद चारण एवं सब इंस्पेक्टर उगमाराम के अनुसार मामले का खुलासा तब हुआ जब किशोरी का स्वास्थ्य बिगड़ा। परिवारजनों द्वारा उससे कुरेद कर पूछताछ की गई तो उसने डॉ कैलाश जीनगर के विषय में जानकारी दी। जिसने भाभी की डिलीवरी के दौरान किशोरी के जनाना अस्पताल आने पर उससे उसके मोबाइल नंबर ले लिए थे। बाद में उससे संपर्क कर उसे अपने पास बुलाया करता था और उसके साथ रेप किया करता था। आरोपित ने उसकी अश्लील फोटो भी ले ली थी जिससे वह उसे धमका कर बुलाया करता था। किशोरी ने बताया कि इस बात का एक बार उसने अपने परिचित ई मित्र संचालक कुशाल चौहान से जिक्र किया था और डॉक्‍टर से पीछा छुड़ाने का आग्रह किया तो उसने भी उसके साथ जबरदस्ती की।

क्रिश्चियनगंज पुलिस के पास किशोरी की बहन की तरफ से 11 अप्रेल को लिखित में शिकायत दी गई थी। पुलिस ने इस मामने में शिकायत के आधार पर पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर त्वरित अनुसंधान किया और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पीड़िता का मेडिकल मुआयना कराया गया है। आरोपितों का भी चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष