जबलपुरः जमतरा घाट पर पिकनिक के दौरान डूबे छात्रों का 48 घंटे बाद भी सुराग नहीं
जबलपुर, 15 मार्च (हि.स.)। जमतरा घाट पर पिकनिक मनाने और नहाने गए दो छात्र गहरे पानी में डूब गए, जिनकी तलाश 48 घंटे बाद भी जारी है। अब तक दोनों छात्रों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
चौकी प्रभारी नितिन पांडे के अनुसार शुक्रवार को सेंट एलॉयसिस कॉलेज के दो होनहार छात्र नदी की गहराई में समा गए। कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र एडविन जॉर्ज और जॉनी इक्का अपने साथियों के साथ जमतरा घाट पहुंचे थे। नहाने के दौरान दोनों छात्र अचानक नदी के तेज भंवर की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में ओझल हो गए।
घटना के बाद से ही लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है, लेकिन 48 घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों छात्रों का पता नहीं चल पाया है। आगे के घाटों में पड़ने वाले थाना क्षेत्रों को भी सूचना दे दी गई है, ताकि बहाव के साथ आगे जाने की स्थिति में तलाश की जा सके। चूंकि सूर्यास्त के बाद नदी में रेस्क्यू अभियान चलाना मुश्किल हो जाता है, इसलिए सोमवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा, जिसमें गोताखोरों की टीम और अन्य विशेषज्ञ शामिल होंगे।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन नदी की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण अब तक सफलता नहीं मिल सकी है।
घटना के बाद से गोताखोरों की टीम लगातार भंवर वाले स्थान और उसके आसपास के बहाव क्षेत्र में सर्चिंग कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पानी का तेज दबाव और नदी के तल में मौजूद चट्टानों के कारण तलाशी अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं। जानकारी के मुताबिक एडविन जॉर्ज (23) और जॉनी इक्का (23) दोनों ही कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। इस दुखद घटना के बाद कॉलेज परिसर और हॉस्टल में सन्नाटा पसरा हुआ है और साथी छात्र गहरे सदमे में हैं।
जमतरा घाट के इस खतरनाक भंवर वाले क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद घाट पर पर्याप्त चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम न होने से स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्चिंग अभियान जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

