मुरादाबाद : 10 दिन पूर्व हेल्पर की मौत में क्रेन चालक के खिलाफ रिपोर्ट
मुरादाबाद, 07 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद में दस दिन पहले क्रेन के हेल्पर की मौत के मामले में आरोपित चालक के खिलाफ थाना सिविल लाइंस पुलिस ने बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने यह कार्रवाई हेल्पर नरेंद्र के पिता की तहरीर पर की है।
जिले थाना भगतपुर क्षेत्र के पाड़ली बाजे निवासी सत्य प्रकाश ने थाना सिविल लाइंस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका बेटा नरेंद्र (19) छजलैट के सदरपुर गांव निवासी फईम की क्रेन की दुकान पर काम करता था। यह दुकान अगवानपुर में पेपर मिल के पास है। 27 सितंबर की रात नरेंद्र का शव दुकान से पेट्रोल पंप के पास गड्ढे में भरे पानी में मिला था।
उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को चालक अमरपाल नरेंद्र को अपने साथ लेकर क्रेन में पेट्रोल डलवाने पंप पर गया था। वहां से लौटते समय अमर पाल ने लापरवाही से क्रेन चलाई और नरेंद्र नीचे गिर गया था। वह क्रेन के पहिए के नीचे आ गया। आरोप लगाया कि चालक अमर पाल ने उसका उपचार कराने की बजाय वहां से क्रेन लेकर चला गया था।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आज क्रेन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर अग्रिम करवाई की जायेगी।--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

