महिला की तहरीर पर पति समेत 34 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज, पति गिरफ्तार
मुरादाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के थाना भगतपुर क्षेत्र में झगड़े की सूचना मिलने पर बेटी की ससुराल पहुंचे मायके वालों को ससुरालियों ने घेर लिया और उनकी पिटाई की। पुलिस ने महिला की तहरीर पर शनिवार रात्रि में पति समेत 34 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। रविवार को थाना पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।
कटघर थाना क्षेत्र के गुलाबाबड़ी कृष्णा नगर कॉलोनी निवासी पूनम सिंह ने कटघर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 20 अप्रैल 2018 को भगतपुर थाना के ठिरियादान गांव निवासी दानवीर के साथ हुई थी। बीते, सात मार्च को आरोपित पति दानवीर ने उसके साथ मारपीट की थी। सूचना मिलने पर उसी रात करीब 11 बजे पीड़िता की मां अनीता देवी, भाई नवनीत सिंह व अनुराग व अन्य मायके वाले पूनम की ससुराल पहुंच गए थे।
आरोप है कि मायके वालों को देखकर पति भड़क गया और उसने अपने भाई रामबहादुर, श्योनाथ, बहादुर सिंह, सुनील, शिवम, भाभी सुषमा, भतीजी खुशी और दिव्या और 26 लोग बुला लिए। आरोप है कि उन्होंने पूनम की मां, भाइयों पर हमला कर दिया। पीड़ित लोग 112 पर कॉल करते रहे, लेकिन पुलिस नहीं आई थी।
पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर बीती रात्रि मामले में आरोपित पति समेत नौ नामजद और 26 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। रविवार को पुलिस ने आरोपित पति दानवीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आज उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

