शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने में देवर खिलाफ केस दर्ज
हमीरपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र स्थित गुसियारी गांव में पति की मौत के बाद शादी का झांसा देकर एक वर्ष तक दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपित देवर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
गुसियारी गांव निवासी पीड़ित सुमन काे दिए तहरीर में बताया कि लगभग एक वर्ष पूर्व उनके पति की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उनके देवर ब्रजकिशोर ने शादी का झांसा देकर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़ित ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपित ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने जब इस बात की जानकारी अपने भाई को दी तो आरोपित ने उसके भाई और बच्चों को भी खत्म करने की धमकी दी।
पीड़ित अपने बच्चों के साथ घर में सो रही थी, तभी आरोपित ब्रजकिशोर जबरन घर में घुस आया और उनके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित के शोर मचाने के बावजूद बारिश के कारण आसपास के लोग मौके पर नहीं पहुंच सके। वारदात के बाद आरोपित पीड़िता और उसके बच्चों को दोबारा धमकी देकर फरार हो गया। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की गहराई से जांच की जा रही है।----------------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

