महिला के मुंह पर स्प्रे कर बेहोश किया, घर से सोने-चांदी के आभूषण और 2.27 लाख रुपये चोरी
जोधपुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। झंवर थाना क्षेत्र के दईपड़ा खींचियान गांव में घर में अकेली महिला को स्प्रे कर बेहोश करने के बाद सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। पीडि़ता वरजू कंवर पत्नी सुजानसिंह ने पुलिस को रिपोर्ट दी है।
झंवर थानाधिकारी प्रहलाद सिंह के अनुसार 29 सितंबर को सुबह करीब 11 बजे वह घर पर अकेली थी। तब दो महिलाएं घर के गेट पर आई। महिला के बाहर आने पर दोनों ने उसके मुंह पर स्प्रे कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। करीब एक घंटे बाद होश आने पर उसने देखा कि घर का सामान बिखरा हुआ था।
पीडि़ता ने अपने देवर को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद घर में रखे आभूषण और नकदी गायब मिले। रिपोर्ट में करीब 2 तोला सोने के कानों के आभूषण, आधा तोला सोने का मांदलिया, आधा तोला सोने की अंगूठी, करीब 30 तोला चांदी की पायल तथा 2 लाख 27 हजार रुपये नकद चोरी होने की बात कही गई है। झंवर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच उपनिरीक्षक मनोज कुमार मीणा को सौंपी है। पुलिस मामले में संदिग्ध महिलाओं की तलाश और घटना की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

