सोशल मीडिया पोस्ट पर केस दर्ज, धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
शिमला, 29 अप्रैल (हि.स.)। सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट से धार्मिक भावनाएं आहत करने पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। रामपुर बाजार निवासी राघव सोनी की लिखित शिकायत के आधार पर शिमला जिला के थाना रामपुर में मामला दर्ज किया गया।
शिकायत में कहा गया है कि सनातन हिंदू धर्म में गाय को माता और नंदी को आस्था का प्रतीक माना जाता है। शिकायतकर्ता के मुताबिक 27 अप्रैल को रामपुर बुशहर सहित देश के कई हिस्सों में गाय को राष्ट्र माता घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन दिए गए थे। इसी अभियान के दौरान उन्होंने इस विषय पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी।
आरोप है कि प्रताप टेलर नाम के एक व्यक्ति ने इस पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए नंदी से जुड़ी आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और मज़ाक उड़ाया, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। शिकायतकर्ता ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है और उसके पृष्ठभूमि की जांच करने की भी बात कही है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 299 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

