home page

फरार इनामी आरोपितों को आश्रय और सहायता पहुंचाने वाले दो रिश्तेदार गिरफ्तार

 | 
फरार इनामी आरोपितों को आश्रय और सहायता पहुंचाने वाले दो रिश्तेदार गिरफ्तार


मुरैना, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के थाना अम्बाह पुलिस ने शनिवार को हत्या के एक मामले में फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को आश्रय एवं आर्थिक सहायता पहुंचाने के आरोप में एक युवक और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार थाना अम्बाह के अपराध क्रमांक 583/2024 में धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के आरोपी अशोक सिंह गहलौत और अमित सिंह गहलौत, निवासी दोहरी थाना अम्बाह, घटना के बाद से फरार चल रहे हैं। दोनों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

शनिवार को थाना प्रभारी वीरेश कुशवाह को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपियों के रिश्तेदार उन्हें पुलिस से बचाने के लिए बीहड़ क्षेत्र में आश्रय दे रहे हैं तथा खाने-पीने का सामान और आर्थिक सहायता पहुंचाने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गूंजबंधा के बीहड़ों में दबिश दी। दबिश के दौरान एक युवक और एक महिला पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में उन्होंने अपने नाम ऋषिकेश पुत्र शीलेंद्र सिंह चौहान (28 वर्ष), निवासी ग्राम नगला महासुख, थाना हाथरस तथा शीतल चौहान पत्नी अनुज सिंह चौहान (28 वर्ष), निवासी ग्राम बिचपुरी, थाना खंदौली, आगरा बताए। तलाशी के दौरान उनके पास से आटा, चावल, दाल, नमक, शक्कर, बीड़ी, तंबाकू, पान मसाला, माचिस और बिस्किट सहित अन्य खाद्य सामग्री बरामद हुई।

पूछताछ में दोनों ने यह सामान फरार आरोपियों तक पहुंचाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 242/2026 के तहत धारा 249(ए), 253(ए) बीएनएस एवं 11/13 एमपीडीपीके एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार इनामी आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और उन्हें संरक्षण देने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा