मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत, आरोपिताें की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन
जौनपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में नेवढ़िया थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में एक अगस्त को हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल रमेश गौतम की सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना के बाद परिजन शव लेकर नेवढ़िया थाने पहुंच गए और मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाने के साथ आरोपिताें की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
परिजनों का कहना था कि मारपीट के मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है, लेकिन आरोपिताें की गिरफ्तारी नहीं हुई। पुलिस ने परिजनों से कहा कि पहले शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे नाराज परिजन और ग्रामीण शव लेकर एसपी कार्यालय जाने के लिए रवाना हो गए।
परिजनों के मुताबिक, बनेवरा गांव के पास नेवढ़िया पुलिस ने वाहन को आगे खड़ा कर उन्हें रोक दिया। आरोप है कि कई घंटे तक उन्हें आगे नहीं जाने दिया। शव को सड़क पर रोके जाने के कारण यातायात प्रभावित हुआ और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना पर मड़ियाहूं के क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी विजय चौधरी ने बताया कि मारपीट के मामले में पहले से मुकदमा दर्ज था। परिजनों की शिकायत के आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

