यात्री का मोबाइल और नकली धातु की सिकड़ी चोरी करते युवक को दबोचा
बक्सर, 20 अगस्त (हि.स.)। रेलवे स्टेशन बक्सर पर यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान आरपीएफ की तत्परता से एक यात्री का मोबाइल और नकली धातु की सिकड़ी चोरी कर भाग रहे युवक को पकड़ लिया गया। उसके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया। घटना 19 अगस्त की है।
बक्सर रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान औद्योगिक थाना क्षेत्र के कर्पूरी पड़री निवासी महिला यात्री नीता देवी के पास से भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक ने नीले रंग का रेडमी मोबाइल फोन और पीले रंग की धातु की बनावटी सिकड़ी चोरी कर ली।
युवक सामान लेकर भागने का प्रयास कर रहा था, तभी मौके पर मौजूद आरपीएफ उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, सहायक उप निरीक्षक उमेश कुमार राय तथा आरक्षी श्याम नारायण सिंह यादव और संतोष कुमार ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान कृष्णा माली (24), पिता चतरो माली, ग्राम न्यायीपुर, थाना मुफस्सिल, बक्सर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल और बनावटी सिकड़ी बरामद हुई।
आरपीएफ ने आवश्यक कागजी कार्रवाई के बाद आरोपी को बरामद सामान एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना बक्सर को सौंप दिया।
आरपीएफ निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और चोरी-छिनतई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने यात्रियों से यात्रा के दौरान मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामानों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

