home page

रील्स पर इमोजी बना जानलेवा, दोस्त ने पटरी पर पटककर की अमन की हत्या

 | 
रील्स पर इमोजी बना जानलेवा, दोस्त ने पटरी पर पटककर की अमन की हत्या


बरेली, 10 अप्रैल (हि.स.) । बरेली में इंस्टाग्राम रील्स पर गलत इमोजी भेजने को लेकर शुरू हुआ विवाद युवक की हत्या तक पहुंच गया। किला थाना क्षेत्र में रहने वाले अमन रजा की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके दोस्त समद मूसा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में सामने आया कि दोनों के बीच लंबे समय से सोशल मीडिया पर तनातनी चल रही थी।

पुलिस के मुताबिक, किला के जखीरा निवासी समद मूसा को रील्स बनाने का शौक था। वह अक्सर इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करता था। दूसरी ओर मलूकपुर निवासी अमन रजा उसकी पोस्ट पर उल्टे इमोजी भेजता था। कभी दु:ख भरी पोस्ट पर हंसने वाला इमोजी, तो कभी मजाकिया वीडियो पर उदासी वाला रिएक्शन भेज देता था। इसे लेकर समद लगातार नाराज रहने लगा।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कई बार इंस्टाग्राम चैट पर बहस भी हुई थी। धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि समद ने अमन को रास्ते से हटाने की ठान ली। उसने अमन को मिलने के बहाने सिटी स्टेशन के पास बुलाया। दोनों वहां से बंद पड़े रेलवे क्वार्टर की ओर चले गए।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि बातचीत के दौरान दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर समद ने अमन के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसने अमन को उठाकर रेलवे पटरी पर पटक दिया, जिससे उसके गले में गंभीर चोट आई। इसके बाद भी वह नहीं रुका और पीठ व छाती पर लात-घूंसों से हमला करता रहा। कुछ ही देर में अमन ने दम तोड़ दिया।

हत्या के बाद आरोपित ने शव को छिपाने की कोशिश की। पहले वह शव को खंडहर की ओर ले गया, लेकिन सफल नहीं हुआ। इसके बाद वह शव को पीठ पर उठाकर बंद रेलवे क्वार्टर में ले गया और वहां स्लैब के नीचे छिपा दिया। बुधवार सुबह शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना को अंजाम देने के लिए समद ने अपने मोबाइल का इस्तेमाल भी नहीं किया। उसने इलाके के एक चाय विक्रेता के फोन से अमन को कॉल कर बुलाया था। पुलिस ने जब अमन के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली तो दो संदिग्ध नंबर सामने आए। इसके बाद चाय वाले से पूछताछ की गई, जहां से समद का नाम सामने आया। लोकेशन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल कर ली है। उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार