home page

चोरी के आठ लाख के 15 मोबाइल बरामद, दो कर्मचारी गिरफ्तार

 | 
चोरी के आठ लाख के 15 मोबाइल बरामद, दो कर्मचारी गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 21 फरवरी (हि.स)। प्रधान नगर पुलिस ने ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी के गोदाम से चोरी हुए करीब आठ लाख रुपये मूल्य के 15 महंगे मोबाइल फोन बरामद कर लिए है। इस मामले में कंपनी के दो डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जहां दोनों ने चोरी की बात कबूल कर ली।

प्रधान नगर थाना प्रभारी बीडी सरकार ने शनिवार को पत्रकार सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 तारीख को ऑनलाइन सामान डिलीवरी करने वाली कंपनी के प्रबंधन ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि गोदाम की खिड़की तोड़कर 15 नामी ब्रांड के मोबाइल फोन चोरी कर लिए गए है, जिनकी बाजार कीमत लगभग आठ लाख रुपये है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान कंपनी के दो कर्मचारी सुमीर चौधरी और रोहित भगत को गिरफ्तार किया गया। दोनों को 19 तारीख को सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में दोनों आरोपितों ने चोरी की बात स्वीकार की। उनके बयान के आधार पर बीती रात पुलिस ने सुमीर चौधरी के घर से चोरी हुए सभी 15 मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए।

सरकार ने बताया कि आरोपित संभवतः इन मोबाइल फोन को नेपाल में बेचने की योजना बना रहे थे, क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल को सिलीगुड़ी में बेचना आसान नहीं था। दोनों आरोपित पिछले करीब तीन वर्षों से उक्त कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत थे और विश्वास का फायदा उठाकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। चोरी के मोबाइल किसे बेचने वाले थे, इसकी जांच अभी जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार