home page

जहर खाने से हुई थी दोनों सगी बहनों की मौत : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई पुष्टि

 | 
जहर खाने से हुई थी दोनों सगी बहनों की मौत : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई पुष्टि


जोधपुर, 22 फरवरी (हि.स.)। सूरसागर थानान्तर्गत मणाई गांव में बारात आने से कुछ घंटे पहले दो बहनों के आत्महत्या करने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम में जहर से मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन घटनास्थल यानी मकान से कोई जहरीला पदार्थ नहीं मिला।थानाधिकारी हरीशचन्द्र सोलंकी ने बताया कि मणाई निवासी शोभा (25) पुत्री दीपसिंह और उसकी छोटी बहन विमला (23) की जहरीला पदार्थ खाने से मृत्यु हो गई थी। दोनों के आत्महत्या करने की आशंका है। पिता ने मर्ग दर्ज करवाया हैं। जांच की जा रही है। महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से करवाए पोस्टमार्टम में जहरीला पदार्थ खाने से दोनों बहनों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने विवाह वाले मकान की तलाशी ली। एफएसएल से भी साक्ष्य संकलित करवाए गए। इस दौरान कोई जहरीला पदार्थ नहीं मिला, लेकिन कुछ दर्द निवारक गोलियां मिलीं। वहीं, महिलाओं से जुड़ी एक्सपायरी तारीख वाली कुछ अन्य गोलियां भी मिली हैं। पुलिस ने खाने में जहर की आशंका से भी नमूने लिए हैं। इसकी संभावना काफी कम है, क्योंकि खाने में जहर होता तो शादी वाले मकान में कई और लोगों की भी तबीयत बिगड़ती।पोस्टमार्टम के बाद एफएसएल जांच के लिए विसरा प्रिजर्व किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए एफएसएल भेजा जाएगा। इसकी रिपोर्ट मिलने पर ही स्पष्ट होगा कि दोनों ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया था। पुलिस को अंदेशा है कि गोलियां अधिक खाने से भी दोनों की मृत्यु हो सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश