home page

न्यूयॉर्क में आयोजित फैशन शो में भाग लेने जाते समय रिया कपूर के 1.35 करोड़ के गहने चाेरी

 | 

मुंबई, 20 जून(हि.स.)। फिल्ममेकर और फैशन स्टाइलिस्ट रिया कपूर टीम के 1.35 करोड़ रुपये मूल्य की डायमंड ज्वेलरी चोरी होने का मामला सामने आया है।

घटना के सूचना के बाद सहार पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिया कपूर की मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह न्यूयॉर्क में आयोजित एक फैशन इवेंट में शामिल होने के लिए अपने टीम के साथ यात्रा कर रही थीं। उनके हैंडबैग में रखे दो ज्वेलरी बॉक्स में महंगे हीरे जड़े इयररिंग्स थे, जिन्हें मुंबई के मेहता ज्वेलर्स और गोयंका ज्वेलर्स से किराए पर लिया गया था।

न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद जब ज्वेलरी बॉक्स खोले गए तो दोनों बाक्स खाली मिले। चोरी हुई ज्वेलरी में मेहता ज्वेलर्स के 66 लाख रुपये और गोयंका ज्वेलर्स के 69 लाख रुपये मूल्य के डायमंड इयररिंग्स शामिल हैं। कुल नुकसान 1.35 करोड़ रुपये का बताया गया है।

टीम की ओर से शिकायत मिलने के बाद सहार पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस एयरपोर्ट,फ्लाइट और अन्य संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।

फिलहाल जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि ज्वेलरी की चोरी मुंबई एयरपोर्ट पर हुई, उड़ान के दौरान हुई या फिर न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद। इस मामले की जांच जारी है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Tiwari