जबलपुर : पीएचडी का झांसा देकर छात्रा से दुष्कर्म, पूर्व अतिथि शिक्षक पर मामला दर्ज
जबलपुर, 23 जून (हि.स.)। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के एक पूर्व अतिथि शिक्षक पर पीएचडी कराने का झांसा देकर छात्रा के साथ दुष्कर्म करने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर विजय नगर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के चित्रकूट निवासी रज्जन द्विवेदी पूर्व में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत था। वर्ष 2022 में उसकी मुलाकात एक छात्रा से हुई थी। बातचीत के दौरान छात्रा ने उच्च शिक्षा प्राप्त करने और पीएचडी करने की इच्छा जताई, जिस पर आरोपी ने उसे हर संभव मदद का भरोसा दिया।
आरोप है कि इसी दौरान रज्जन द्विवेदी ने छात्रा को अपने विश्वास में लेकर दीनदयाल चौक स्थित साईं पैलेस होटल में बुलाया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी ने चित्रकूट से पीएचडी कराने का आश्वासन देकर उसे वहां भी ले गया, लेकिन न तो पीएचडी की प्रक्रिया पूरी कराई और न ही अपने वादों को निभाया।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी पर शादी करने का दबाव बनाया तो वह टालमटोल करने लगा। मार्च 2026 में आरोपी ने उसे दोबारा मिलने के लिए बुलाया और घटना के संबंध में किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी।
प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने सिवनी जिले के एक थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। वहां पुलिस ने शून्य पर मामला दर्ज कर केस डायरी मंगलवार को जबलपुर के विजय नगर थाने भेज दी। जांच के बाद विजय नगर पुलिस ने दुष्कर्म, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

