ब्राउन शुगर बनाने का कच्चा माल बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
मालदा, 15 मई (हि. स.)। जिले में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इंग्लिशबाजार थाने की पुलिस ने ब्राउन शुगर बनाने के कच्चे माल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित को शुक्रवार को दस दिन की पुलिस हिरासत की मांग के साथ मालदा अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपित का नाम नाजमुल मोल्ला (30) है, जो दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज का निवासी है। बरामद कच्चे माल की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 से 22 लाख रुपये बताई जा रही है। शुक्रवार को मालदा के पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने पत्रकार सम्मेलन कर इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, गुरुवार रात गुप्त सूचना के आधार पर इंग्लिशबाजार के बाधापुकुर इलाके में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से 730 ग्राम ब्राउन शुगर बनाने का कच्चा माल बरामद हुआ। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे और कौन लोग शामिल हैं और यह कच्चा माल कहां सप्लाई किया जाना था। आरोपित से पूछताछ जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

