रवि हत्याकांड का खुलासा, पर कई सवाल बाकी
कौशांबी, 14 सितंबर (हि.स.)। प्रयागराज के रवि यादव हत्याकांड का मंझनपुर पुलिस ने साेमवार काे खुलासा करते हुए दो आरोपियों संदीप यादव और शानू यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को मीडिया के सामने पेश कर हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस के खुलासे के बाद भी हत्याकांड से जुड़े कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि रवि यादव को प्रयागराज से महमदपुर गांव आखिर क्यों लाया गया? आरोपियों ने हत्या के लिए महमदपुर को ही क्यों चुना? हत्या के बाद शव को कार की डिग्गी में डालकर आरोपी उसे कहां ले जाना चाहते थे और उनका मकसद क्या था, इस पर भी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इसके अलावा मृतक रवि यादव का महमदपुर से क्या कनेक्शन था, यह सवाल भी पुलिस के खुलासे में साफ नहीं हुआ है। मृतक के भाई ने तहरीर में गिरफ्तार आरोपियों के अलावा कई अन्य लोगों पर भी हत्या में शामिल होने का शक जताया था। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या हत्याकांड में अन्य लोग भी शामिल थे?
फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया है, लेकिन अन्य संदिग्धों और महमदपुर कनेक्शन को लेकर जांच अभी बाकी है।
एसपी सत्यनारायण ने बताया कि वारदात के अभियुक्तों को गिरफ्तार कर पूछताछ कराई जा रही है। प्रकरण में जिन भी लोगों की भूमिका सामने आएगी वह सलाखों के पीछे भेजे जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

