रतलामः ग्राम करमदी के मथुरी तालाब में मिले दो लोगों के शव, जांच में जुटी पुलिस
रतलाम, 18 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के करमदी ग्राम पंचायत अंतर्गत मथुरी तालाब में शनिवार दोपहर दो अज्ञात व्यक्तियों के शव बरामद हुए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शवों को तालाब से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पंचायत करमदी के मथुरी तालाब में शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे स्थानीय लोगों ने दो लोगों के शव पानी में तैरते हुए देखे और पुलिस को सूचना दी। शव मिलने के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना मिलते ही माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तालाब से शवों को बाहर निकालने के लिए गोताखोरों को बुलाया गया।
माणकचौक थाना प्रभारी पातीराम डावरे ने बताया कि पुलिस ने शवों को तालाब से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों शव पुरुषों के हैंस जिनकी अनुमानित उम्र 30 से 32 वर्ष के बीच है। फिलहाल पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ में जुटी है, ताकि मृतकों की पहचान की जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

