home page

रतनपुर में छह पेटी नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त

 | 
रतनपुर में छह पेटी नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त


सुपौल, 14 अगस्त (हि.स.)। रतनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह पेटी नेपाली शराब के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया। कार्रवाई रतनपुर नहर के समीप की गई। गिरफ्तार आरोपित अररिया जिले के धुरना थाना क्षेत्र निवासी आनंदी मेहता है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित नीले रंग की सुपर स्प्लेंडर बाइक से भीमनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि वह शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया। रतनपुर नहर के पास पुलिस ने बाइक को रोकने का प्रयास किया, इसी दौरान आरोपी की बाइक पुलिस वाहन के डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।पुलिस ने आरोपित को मौके पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से छह पेटी नेपाली शराब बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह नेपाल के विकास मेहता से शराब लेकर बायसी निवासी कुलकुल यादव को पहुंचाने जा रहा था।रतनपुर थानाध्यक्ष पिंटू कुमार ने बताया कि मामले में शराब की आपूर्ति और वितरण से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब नेपाल से कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। मामले में आगे विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस संभावित आपूर्तिकर्ताओं और शराब की डिलीवरी लेने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र