home page

नाबालिग किशोर ने ढाई साल की बच्ची के साथ किया दुष्कर्म

 | 
नाबालिग किशोर ने ढाई साल की बच्ची के साथ किया दुष्कर्म


अररिया 26 मई(हि.स.)।

जोगबनी नगर परिषद क्षेत्र में एक किशोर के द्वारा ढाई साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना की गई। नाबालिग किशोर पर अपने ही पड़ोस में रहने वाली महज ढाई वर्षीय मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाने का संगीन आरोप लगा है।दुष्कर्म के बाद अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मासूम बच्ची की हालत काफी नाजुक बनी हुई है।पुलिस ने आरोपी नाबालिग किशोर को गिरफ्तार कर लिया है।

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त मासूम बच्ची घर में अकेली थी और उसकी मां कुछ ही दूरी पर किसी काम से गई थी।इसी सूनेपन का फायदा उठाकर आरोपी किशोर घर में प्रवेश कर हैवानियत को अंजाम दिया।मासूम की दर्दनाक चीख-पुकार और रोने की आवाज सुनकर जब उसकी मां बदहवास हालत में दौड़ती हुई घर के भीतर पहुंची, तो आरोपी उसे देखकर मौके से भाग गया।

खून से लथपथ और अचेत अवस्था में पड़ी बच्ची को परिजनों द्वारा आनन-फानन में फारबिसगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत देखते हुए बच्ची को पूर्णिया राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है।जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही जोगबनी थानाध्यक्ष पुलिस बल और विशेष फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे।फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश दी और कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी नाबालिग किशोर को उसके छिपने के ठिकाने से हिरासत में ले लिया।

जोगबनी थानाध्यक्ष महादेव कामत ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयान पर पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म की विभिन्न संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी किशोर को चिकित्सकीय और विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर