दुष्कर्म पीडि़ता की आत्महत्या का मामला गर्माया
जोधपुर, 16 मई (हि.स.)। न्याय की गुहार लगाते हुए दुष्कर्म पीडि़ता की हुई मौत के बाद अब मामला गरमा गया है। शनिवार को मथुरादास माथुर हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग एकत्र हो गए। इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच करने, आरोपिताें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक्शन लेने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया गया।
दरअसल शुक्रवार को जोधपुर-नागौर रोड पर स्थित एक गांव में सामूहिक दुष्कर्म पीडि़ता ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पानी की टंकी पर चढक़र कीटनाशक खा लिया था। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बाद में मृतका का शव एमडीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया था। बताया गया है कि पीडि़ता ने करीब एक महीने पहले स्थानीय थाने में आठ लोगों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज कराया था। उसका आरोप था कि पुलिस इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी बात से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली। मृतका ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया था कि आरोपिताें ने उसकी बहन के साथ भी गलत काम किया था। उसकी बहन ने भी इसी साल मार्च में अपने ससुराल में आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने उस समय मर्ग दर्ज किया था, लेकिन आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका था। इस मामले को लेकर आज सर्व समाज के लोगों ने मथुरादास माथुर हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

