home page

जशपुर : शादी का झांसा देकर 12 वर्षों तक दुष्कर्म, आरोपित जेल दाखिल

 | 
जशपुर : शादी का झांसा देकर 12 वर्षों तक दुष्कर्म, आरोपित जेल दाखिल


जशपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ पिछले 12 वर्षों से शारीरिक शोषण किया जा रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मुकेश पैंकरा (33 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़िता ने थक-हारकर 10 अप्रैल 2026 को थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पीड़िता के अनुसार, यह शोषण साल 2014 में तब शुरू हुआ था जब वह महज 14 वर्ष की थी और आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। आरोपित मुकेश ने उस दौरान घर में अकेला पाकर पीड़िता के साथ जबरदस्ती की और विरोध करने पर शादी का वादा कर उसे खामोश कर दिया। इसके बाद आरोपित लगातार शादी का प्रलोभन देकर पीड़िता का शारीरिक शोषण करता रहा। यहाँ तक कि जब पीड़िता काम के सिलसिले में दूसरे शहर गई, तब भी आरोपित ने वहाँ पहुँचकर उसे काम छोड़ने और साथ चलने के लिए मजबूर किया।

धोखाधड़ी की हद तब पार हो गई जब 9 अप्रैल 2026 को आरोपित ने शादी के बहाने पीड़िता को जशपुर कोर्ट ले जाने की बात कही, लेकिन रास्ते में जंगल के पास उसने फिर से पीड़िता की मजबूरी का फायदा उठाया। आरोपित ने जानबूझकर कोर्ट पहुँचने में देरी की ताकि दफ्तर बंद हो जाए और शादी टल सके। अंततः आरोपित ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने कानून का दरवाजा खटखटाया। जशपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपित के खिलाफ धारा 376, 376(2)(N) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया।

डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी विवेक कुमार भगत की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपित को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म कबूल करने के बाद आरोपित मुकेश पैंकरा को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह