शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म
बहराइच, 23 मई (हि.स.)। नानपारा कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए नानपारा पुलिस को शनिवार को तहरीर दी है। महिला का कहना है कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री गर्भवती हो गई है।
पुलिस को दी तहरीर में उसने बताया कि वह दूसरों के घरों में काम करके अपने परिवार का खर्च चलाती है। उसकी नाबालिग पुत्री को पास का रहने वाला एक लड़का शादी का झांसा देकर कथित तौर पर दुष्कर्म करता रहा।
महिला ने बताया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी। जब उसकी पुत्री ने बताया कि वह गर्भवती है तब उसे पता लगा। महिला ने न्याय के लिए कोतवाली नानपारा में प्रार्थना पत्र दिया है।
मामले में क्षेत्राधिकारी नानपारा पहुप सिंह ने बताया कि वह इस समय विशेष ड्यूटी पर हैं। सीओ ने आश्वस्त किया कि प्रकरण की गहनता से जांच कराई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

