उज्जैन: महामंडलेश्वर ज्ञानदास के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज, पुलिस ने शुरू की तलाश
उज्जैन, 01 अगस्त (हि.स.)। उज्जैन के सदावल रोड स्थित दादूराम आश्रम के महामंडलेश्वर ज्ञानदास महाराज के खिलाफ महाकाल थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म, मारपीट और ब्लैकमेलिंग सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने शुक्रवार देर रात मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान उसकी पहचान ज्ञानदास से हुई थी। बाद में दोनों के बीच सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क बना रहा। महिला का आरोप है कि वह लगभग एक वर्ष तक आश्रम आती-जाती रही। इसी दौरान आरोपित ने विवाह का आश्वासन देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में विवाह से इनकार किए जाने पर उसने महाकाल थाने में शिकायत दर्ज कराई।
महिला ने अपनी शिकायत के साथ पुलिस को कथित व्हाट्सएप चैट, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य डिजिटल सामग्री भी उपलब्ध कराई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद प्रकरण दर्ज किया है।
सूत्रों के अनुसार मामला दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद ज्ञानदास आश्रम में नहीं मिले। हालांकि उनके शिष्य जुगलदास का कहना है कि शुक्रवार रात सीने में दर्द की शिकायत होने पर महाराज उपचार के लिए अस्पताल गए थे।
महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपित की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

