फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद विवाहिता से दुष्कर्म का आरोप, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का दावा
कोलकाता, 16 जुलाई (हि. स.)। दक्षिण कोलकाता के बांसद्रोणी थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने एक युवक पर कई वर्षों तक दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक वीडियो व तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
गुरुवार को पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पहले मेटियाब्रुज थाने में जीरो एफआईआर के रूप में दर्ज की गई थी। बाद में अधिकार क्षेत्र के आधार पर मामला बांसद्रोणी थाने को स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित ब्रह्मपुर इलाके का निवासी है, जो बांसद्रोणी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। चूंकि कथित अपराध का एक हिस्सा इसी क्षेत्र में हुआ, इसलिए मामले की जांच अब बांसद्रोणी थाने की पुलिस कर रही है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2019 में फेसबुक पर एक साझा परिचित के माध्यम से उसकी आरोपित युवक से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच मित्रता हो गई और पति की अनुपस्थिति में आरोपित उसके घर आने-जाने लगा।
महिला का आरोप है कि एक यात्रा के दौरान होटल के कमरे में आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो तथा तस्वीरें बना लीं। इसके बाद उन वीडियो और तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए और लगातार यौन उत्पीड़न करता रहा।
पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

