भोपाल में पत्रकारिता यूनिवर्सिटी की छात्रा से दुष्कर्म, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
भोपाल, 26 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय परिसर में 22 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
छात्रा ने विश्वविद्यालय परिसर में रहने वाले 40 वर्षीय अमनदीप सिंह भामरा पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। आरोपित विश्वविद्यालय में कार्यरत एक महिला कर्मचारी का पति है। रातीबड़ पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, छात्रा और आरोपित की पहचान विश्वविद्यालय परिसर में ही हुई थी। छात्रा का आरोपी के आवास पर आना-जाना था। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय बढ़ा और मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान हुआ। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने छात्रा को शादी का भरोसा दिलाया और उससे नजदीकियां बढ़ाईं।
तलाक लेकर शादी करने का दिया भरोसा
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपित पहले से शादीशुदा था। उसने अपनी पत्नी को तलाक देकर छात्रा से शादी करने का भरोसा दिया था। शिकायत के अनुसार, अगस्त 2026 में आरोपी ने पहली बार परिसर स्थित अपने क्वार्टर में उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी शादी का वादा कर वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
शादी की बात टालने लगा तो थाने पहुंची छात्रा
छात्रा का आरोप है कि जब भी उसने आरोपित से शादी करने की बात कही, वह कोई न कोई बहाना बनाकर टालता रहा। पिछले कुछ दिनों से आरोपी ने उससे फोन पर बातचीत भी बंद कर दी थी। इससे परेशान होकर छात्रा बुधवार को रातीबड़ थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। रातीबड़ थाने के एसआई गौरव पांडेय के मुताबिक, छात्रा की शिकायत पर बुधवार देर रात काे पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की। इसके बाद 40 वर्षीय अमनदीप सिंह भामरा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

