home page

चार वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार के बाद हत्या

 | 
चार वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार के बाद हत्या


गाजियाबाद, 17 मार्च (हि.स.)। गाजियाबाद के थाना नंदग्राम क्षेत्र घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। इलाके में हुई इस हृदयविदारक घटना से लोगों में रोष है। आरोपित को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना बीती रात की लगभग नौ बजे की बताई जा रही है।

एसीपी जिलाउद्दीन अहमद ने मंगलवार काे बताया कि रात करीब नौ बजे डायल 112 को सूचना मिली कि नंदग्राम थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी के खाली प्लाट में चार वर्षीय बच्ची घायलावस्था में बेहोश पड़ी है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्ची की शिनाख्त कर उसके पिता को सूचना दी। जिसके बाद बच्ची को एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

पूछताछ में पता चला कि चार वर्षीय बच्ची अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी, उसी समय गौरव प्रजापति नाम का व्यक्ति आइसक्रीम दिलाने के बहाने से बच्ची को गोद में उठाकर ले गया था। मृतका बच्ची के पिता ने आशंका जताई है कि उनकी मासूम बेटी को अंधेरे और सुनसान स्थान पर ले जाकर आरोपित ने बच्ची के साथ गलत काम किया। चीखने चिल्लाने पर आरोपित ने पत्थर से सिर में वार करके हत्या कर दी। जिसके बाद आरोपित मौके से भाग गया।

एसीपी ने बताया कि बच्ची के सिर में बाईं ओर धारदार हथियार या वजनी पत्थर से किए गए प्रहार के दो निशान हैं। आशंका है कि आरोपी ने पोल खुलने के डर से मासूम की हत्या की है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसीपी ने बताया कि मृतक बच्ची के पिता पेटर का काम करता है। उसके तीन बच्चों में 11 और सात वर्षीय बेटे और चार साल की बेटी थी। बेटी के जन्म से करीब एक वर्ष बाद ही उसकी मां घरेलू विवाद के चलते छोड़कर चली गई थी। पिता ही बच्चों का ख्याल रखते थे। बीती रात को बच्ची अचानक लापता हुई तो परिजन उसकी खोजबीन में जुट गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी