home page

पुलिस अभिरक्षा से फरार नाबालिग को भगाने का आरोपित गिरफ्तार

 | 
पुलिस अभिरक्षा से फरार नाबालिग को भगाने का आरोपित गिरफ्तार


न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की फिराक में था मलखान, निशानदेही पर बरामद हुई हथकड़ी

बांदा, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नाबालिग लड़की को भगाने के मामले में वांछित और पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हुआ आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बिसंडा पुलिस ने उसे बांदा कचहरी रोड के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कोतवाली देहात क्षेत्र के बरगहनी गांव से वह हथकड़ी भी बरामद कर ली, जिसे लेकर वह पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ था।

पुलिस के मुताबिक, एक नवंबर 2026 को बिसंडा थाने में निगरानी के दौरान आरोपी मलखान पुत्र कल्लू निवासी महोखर, थाना कोतवाली देहात पुलिस अभिरक्षा से चकमा देकर फरार हो गया था। इस मामले में उसके खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए तत्काल टीमें गठित की गईं। पुलिस लगातार सुरागरसी, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से उसकी तलाश कर रही थी।

बुधवार चार नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी बांदा कचहरी परिसर के आसपास घूम रहा है और न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे कचहरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर बरगहनी गांव से हथकड़ी बरामद की गई।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि पुलिस अभिरक्षा से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से संबंधित हथकड़ी भी बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह