home page

अम्बिकापुर : दुष्कर्म का आरोपित 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

 | 
अम्बिकापुर : दुष्कर्म का आरोपित 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल


अम्बिकापुर, 02 सितंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र में एक युवती से जबरन दुष्कर्म करने वाले आरोपित को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 1 सितंबर 2026 को बतौली थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि कदनई सुगाझरिया निवासी जयप्रकाश पैकरा ने उसे अकेला पाकर जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपित के खिलाफ अपराध क्रमांक 113/26, धारा 296, 351(3) और 64(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

प्रकरण दर्ज होते ही पुलिस टीम ने पीड़िता का विधिवत बयान दर्ज किया और आरोपित की तलाश में दबिश दी। पुलिस के सतत प्रयासों से आरोपित जयप्रकाश पैकरा (24 वर्ष), निवासी कदनई सुगाझरिया, को हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में बतौली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिव कुमार ध्रुव, महिला आरक्षक मेरी क्लोरेट सहित आरक्षक राजेश खलखो, राकेश एक्का और जोगी बड़ा की भूमिका सराहनीय रही।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह