home page

रंजीत नगर पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, निर्माणाधीन भवन से बरामद हुआ लॉकर

 | 
रंजीत नगर पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, निर्माणाधीन भवन से बरामद हुआ लॉकर


नई दिल्ली, 02 मई (हि.स.)। मध्य जिला के रंजीत नगर थाना पुलिस ने दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के जेवरात, नकदी और चोरी का लॉकर बरामद किया गया है। आरोपित कई पुराने चोरी और आपराधिक मामलों में पहले से शामिल रह चुका है।

मध्य जिले के पुलिस उपायुक्त राेहित राजबीर सिंह ने शनिवार काे बताया कि 28 अप्रैल को पश्चिम पटेल नगर स्थित एक घर में दिनदहाड़े चोरी की सूचना मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे से 7 बजे के बीच अज्ञात चोर घर में घुसकर लॉकर समेत सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान में सोने की अंगूठियां, कंगन, पेंडेंट, चेन, चांदी के आभूषण, नकदी और परिवार के अन्य सदस्यों के जेवर शामिल थे। शिकायत के आधार पर रंजीत नगर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो वहां से एक संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसी बीच उस मोबाइल पर आई एक कॉल ने जांच को नई दिशा दे दी। पुलिस ने योजना बनाते हुए हेड कांस्टेबल विकास को फल विक्रेता बनाकर तैनात किया। उन्होंने मोबाइल लौटाने का झांसा देकर संदिग्ध को बुलाया। आरोपित जैसे ही तय स्थान पर पहुंचा और मोबाइल के बदले 500 रुपये इनाम देने की बात कही, पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पकड़े गए आरोपित की पहचान कलाम नदाफ (23) के रूप में हुई है।

पूछताछ में उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपित ने बताया कि घर से चोरी के दौरान वह जेवरात, नकदी और लॉकर उठा ले गया था, लेकिन लॉकर भारी होने के कारण पास के एक निर्माणाधीन भवन में छिपा दिया था। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने निर्माणाधीन भवन से चोरी किया गया लॉकर बरामद किया। शिकायतकर्ता की मौजूदगी में लॉकर खोला गया, जिसमें करीब 25 लाख रुपये मूल्य के जेवरात मिले। इसके अलावा आरोपित के पास से कृत्रिम आभूषण और 920 रुपये नकद भी बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक आरोपित स्कूल ड्रॉपआउट है और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में चोरी, सेंधमारी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी