home page

डीजे को लेकर हुई चाकूबाजी में नाबालिग की मौत, सात गिरफ्तार

 | 

नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। बाहरी जिले के रानी बाग इलाके में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद खूनी झड़प में तब्दील हो गई। डीजे पर गाना बजाने को लेकर हुए झगड़े में चाकूबाजी हुई, जिसमें 17 वर्षीय नाबालिग की मौत हो गई। जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान निखिल यादव (17) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक सनी बताया जा रहा है। दोनों रोहिणी के नाहरपुर इलाके के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि निखिल अपने दोस्तों के साथ रानी बाग स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था, जहां डीजे पर गाना चलाने को लेकर दूसरे पक्ष के युवकों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपितों ने निखिल व सनी पर चाकू से हमला कर दिया। निखिल को सीने में और सनी को कमर के नीचे चाकू लगा। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान निखिल ने दम तोड़ दिया, जबकि सनी की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपितों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

वहीं, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी की मानें तो मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ नाबालिगों सहित करीब सात संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।

वहीं परिजनों के अनुसार, निखिल मोटर मैकेनिक का काम करता था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी