सागर: रानगिर विस्फोट कांड का खुलासा, पत्नी को वापस लाने के लिए रची गई साजिश
सागर, 20 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में सुरखी थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध रानगिर मंदिर के पास हुए विस्फोट कांड का पुलिस ने शुक्रवार को महज 48 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया। इस मामले में एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसने अपनी पत्नी को मायके से वापस लाने और ससुराल पक्ष को फंसाने के लिए खतरनाक साजिश रची थी।
गौरतलब है कि 18 मार्च 2026 को रानगिर मंदिर के पास एक दुकान में अचानक हुए विस्फोट से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार शाहवाल के निर्देशन में प्रशिक्षु आईपीएस दीपांशु के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मौके पर बीडीडीएस और एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र किए।
जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध SMS मिला, जिसने पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। साइबर टीम की मदद से पुलिस आरोपी गोलू उर्फ इमारत पटेल (निवासी पाटई) तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया।
आरोपी ने बताया कि उसकी शादी जून 2025 में सिंगरौली की नूरजहां से हुई थी। फरवरी 2026 में विवाद के बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी। आरोपी को शक था कि उसके साले उसकी पत्नी को वापस नहीं भेज रहे हैं। इसी वजह से उसने उन्हें झूठे मामले में फंसाने और पुलिस का दबाव बनाने के लिए विस्फोट की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एक ब्लूटूथ स्पीकर के अंदर सुतली बम और डेटोनेटर फिट किया था। बैटरी से सर्किट इस तरह जोड़ा गया था कि स्पीकर चालू होते ही विस्फोट हो जाए। साथ ही, आरोपी ने मंदिर के पुजारी को भ्रामक संदेश भेजे ताकि शक उसके ससुराल पक्ष पर जाए, हालांकि, तकनीकी विश्लेषण ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस के अवशेष और अन्य संबंधित साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी लावारिस वस्तु को न छुएं और संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत नजदीकी थाने या डायल 100 पर सूचना दें।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

