जबलपुरः रोजा इफ्तार पार्टी के नाम पर हाईवे पर स्टंटबाजी, वीडियो वायरल होने पर सक्रिय हुई पुलिस
जबलपुर, 17 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रमजान माह में आयोजित रोजा इफ्तार कार्यक्रमों के बीच हाईवे पर खतरनाक स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। वायरल वीडियो में महंगी कारों के काफिले के साथ कुछ युवक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए लापरवाहीपूर्ण ढंग से स्टंट करते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो जबलपुर से बरगी बांध और कटंगी मार्ग का है, जहां रोजा इफ्तार पार्टी में शामिल होने के नाम पर युवकों ने हाईवे को स्टंटबाजी का मंच बना दिया। वीडियो में युवक कार की खिड़कियों से बाहर निकलकर रील बनाते और वाहन को लहराते दिखाई दे रहे हैं, जिससे न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हुआ बल्कि आम राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
मंगलवार को संज्ञान में आते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस-प्रशासन ने तत्काल जांच शुरू कर दी है। एएसपी ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आने के बाद कटंगी थाना प्रभारी को संबंधित युवकों की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की हरकतें मोटर व्हीकल एक्ट के तहत दंडनीय हैं। ओवरस्पीड, रैश ड्राइविंग और खतरनाक स्टंट के मामलों में भारी जुर्माना, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन और वाहन जब्ती तक की कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि शहर में पहले भी शादी और अन्य आयोजनों के दौरान इस तरह की स्टंटबाजी के मामले सामने आ चुके हैं, जिन पर पुलिस ने चालानी कार्रवाई की थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

