home page

रामदयालगंज में विशाल यादव की हत्या के बाद हाईवे जाम, 78 लोगों पर मुकदमा

 | 

जौनपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में रामदयालगंज बाजार में शुक्रवार को महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज के सामने विशाल यादव (25) की हत्या के बाद हाईवे जाम करने के मामले में लाइन बाजार थाने में 28 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इस संबंध में रविवार को पुलिस मीडिया सेल से जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि उपनिरीक्षक रामभरोस राम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर के अनुसार, हत्या के बाद लोगों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग-135ए पर रखकर दोनों तरफ का यातायात रोक दिया। इस दौरान जौनपुर-मड़ियाहूं मार्ग पर यात्रियों, एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी रोका गया तथा वाहन चालकों से मारपीट का आरोप है। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।पुलिस के अनुसार, जाम खुलवाने का प्रयास करने पर भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की। लाइन बाजार पुलिस ने वीडियो रिकॉर्डिंग कराते हुए लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ पुलिस से उलझ गई।तहरीर में आरोप है कि बेलवारामसागर निवासी दीवाकर पांडेय और उनकी पत्नी पुष्पा पांडेय ने भीड़ को समझाने की कोशिश की। इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई, जिससे दोनों बेहोश हो गए। घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और दुकानदार दुकानें बंद कर वहां से चले गए।स्थिति बिगड़ने पर मड़ियाहूं, सिकरारा, कोतवाली, जफराबाद, मछलीशहर और रामपुर समेत कई थानों से पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने लोगों को समझाकर हाईवे से जाम हटवाया। इसके बाद विशाल यादव के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।पुलिस के अनुसार नामजद आरोपियों में संदीप यादव, राज कुमार यादव, हरेराम यादव, नितेश कन्नौजिया, सुनील यादव, प्रवीण कुमार सिंह, राहुल यादव, विक्की यादव, रोहित सोनकर, गब्बू सोनकर, धीरज गुप्ता, मयंक सिंह, बडूल यादव, आकाश निषाद, नाटे मौर्या, सोनू यादव, प्रियान्शु यादव, लल्लन सोनकर, गुड्डू दुबे, सौरभ यादव, पांडेय सोनकर, राजेश हरिजन, अंबर यादव, अतुल यादव और पातिराम यादव समेत 28 लोग शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव