बक्सर में रेल चक्का जाम में भीड़ के पीछे छिपे चेहरे अब बेनकाब, 45 प्रदर्शनकारियों की पहचान
बक्सर, 09 अगस्त (हि.स.)। जिले में इटाढ़ी रेल गुमटी को दोबारा खोलने की मांग को लेकर रेलवे ट्रैक जाम कर प्रदर्शन करने वालों पर अब कार्रवाई का शिकंजा कसता जा रहा है।
रेल परिचालन बाधित करने के मामले में आरपीएफ ने अब तक 45 प्रदर्शनकारियों की पहचान कर ली है। इनमें से प्राथमिकी में नामजद लोगों के अलावा वीडियो फुटेज और तस्वीरों के आधार पर अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है।
आरपीएफ की ओर से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच टीम ने प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो और तस्वीरों को साक्ष्य के तौर पर खंगालना शुरू कर दिया है।
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी निरीक्षक कुंदन कुमार के अनुसार प्रारंभिक जांच में 33 लोगों को नामजद किया गया था। वहीं, प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में अज्ञात लोगों के शामिल होने की बात सामने आई है।
बताया गया कि करीब 150 अज्ञात लोगों की पहचान वीडियो फुटेज और तस्वीरों के माध्यम से करने का प्रयास जारी है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि इटाढ़ी रेल गुमटी को स्थायी रूप से बंद किए जाने और आरओबी में आई समस्या के विरोध में आंदोलनकारियों ने रेल ट्रैक जाम कर दिया था। इससे कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित हुआ और ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा था। रेलवे प्रशासन ने 30 मई को इटाढ़ी गुमटी को स्थायी रूप से बंद किया था, जिसके बाद 5 जून को नए रेल ओवरब्रिज में मरम्मत के कारण यातायात की समस्या और बढ़ गई।
45 प्रदर्शनकारियों की अब तक पहचान
33 लोग प्रारंभिक प्राथमिकी में नामजद
करीब 150 अज्ञात लोगों की पहचान का प्रयास
वीडियो और तस्वीरों को बनाया जा रहा आधार
रेल परिचालन बाधित करने के मामले में आरपीएफ की कार्रवाई जारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

