राजपुर बस स्टैंड से मोटरसाइकिल चोरी करने का आरोपित गिरफ्तार, चोरी की बाइक बरामद
बलरामपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के राजपुर बस स्टैंड से मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को आज शनिवार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 4 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ग्राम राजपुर निवासी अनिल कश्यप ने 20 नवंबर को थाना राजपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बस स्टैंड से उसकी मोटरसाइकिल किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर ली है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 290/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम बगाढ़ी निवासी सनेश्वर बादी (26 वर्ष), पिता लवंग साय से पूछताछ की। जांच में उसकी संलिप्तता सामने आने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 21 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर विधिवत जब्त की गई। गिरफ्तारी की सूचना उसके परिजनों को भी दी गई।
पुलिस ने आरोपित को जेएमएफसी राजपुर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 4 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

