रिंग रोड पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से व्यक्ति की मौत
नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में शुक्रवार तड़के एक सड़क हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा रिंग रोड पर मार्बल मार्केट स्थित वृंदावन स्टोन शॉप के सामने हुआ। पुलिस ने मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे हिरासत में लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 3:40 बजे राजौरी गार्डन थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सड़क के बीचों-बीच करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति को गंभीर हालत में पड़ा पाया। उसके पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। घायल को तत्काल एंबुलेंस की मदद से दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल की जांच के लिए मोबाइल क्राइम टीम को बुलाया गया, जिसने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इस बीच पीसीआर कॉलर गुलशन ने पुलिस को बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन घटनास्थल से करीब 250 मीटर आगे सड़क किनारे खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आगे जाकर होंडा सिटी कार बरामद की। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान वाहन चालक की पहचान शालीमार बाग निवासी 19 वर्षीय दक्ष मौर्य के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 106(1) के तहत राजौरी गार्डन थाने में एफआईआर संख्या 227/2026 दर्ज कर ली है। आरोपित को पकड़ने की कार्रवाई जारी है। फिलहाल मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

