home page

राजकोट गोल्ड लूट-मर्डर केस: 1.52 करोड़ की रिकवरी के बाद पंचनामा करने गई पुलिस पर मुख्य शूटर ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल

 | 
राजकोट गोल्ड लूट-मर्डर केस: 1.52 करोड़ की रिकवरी के बाद पंचनामा करने गई पुलिस पर मुख्य शूटर ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल


राजकोट, 16 अक्टूबर (हि.स.)।

राजकोट के आजी जीआईडीसी इलाके में स्थित तन्वी गोल्ड रिफाइनरी के बाहर 14 अक्टूबर को हुई सनसनीखेज लूट और हत्या के मामले में पुलिस ने महज 9 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश की कुख्यात गैंग के सभी 10 आरोपियों को दबोच लिया है। इस वारदात में पुलिस ने 1.52 करोड़ रुपये से अधिक का 100% माल (सोना-चांदी) रिकवर कर लिया है। रिफाइनरी से सोने के ढलिया और चांदी का डस्ट पाउडर लूटने के दौरान मैनेजर पर फायरिंग कर लालजीभाई सरधारा की हत्या कर दी गई थी।

पंचनामा के दौरान मुख्य शूटर की पुलिस पर फायरिंग

इस हाई-प्रोपाइल मामले की जांच के तहत जब मुख्य शूटर अनुराग सिंह राजपूत को पुलिस टीम घटनास्थल पर पंचनामा करने और सबूत इकट्ठा करने के लिए ले गई, तब उसने वहां छिपाकर रखे गए एक अन्य हथियार से पुलिस जवानों पर अचानक दो राउंड फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले से वहां अफरा-तफरी मच गई।

PSI की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में लगी गोली

पुलिस पर अचानक हुए इस हमले के बाद क्राइम ब्रांच के पीएसआई वनराजसिंह डोडीया ने अपनी सूझबूझ और अद्भुत हिम्मत दिखाते हुए आत्मरक्षा में तुरंत जवाबी फायरिंग की।पीएसआई द्वारा चलाई गई गोली मुख्य आरोपी अनुराग के पैर में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे तुरंत काबू में कर लिया। पैर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुए आरोपी अनुराग को कड़े पुलिस पहरे के बीच राजकोट सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।

जूतों और कार में छिपाया था लूटा गया माल

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर चैतन्य मांडलिक ने जानकारी दी कि लूट को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने पुलिस जांच से बचने के लिए सोने-चांदी के टुकड़ों को अपने जूतों और कार के सीट-कवरों में चालाकी से छिपा दिया था। हालांकि, राजकोट पुलिस ने AI टेक्नोलॉजी, सीसीटीवी नेटवर्क और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से कड़ियों को जोड़कर सभी 10 आरोपियों को दबोच लिया। पूर्व कर्मचारी अश्विनीकुमार उर्फ लंकेश इस साजिश का मास्टरमाइंड निकला था।

पकड़े गए 10 आरोपियों के नाम:

अश्विनीकुमार उर्फ लंकेश मनोजसिंग राजपूत (उम्र 27)

अनुरागसिंग ओमप्रकाशसिंग राजपूत (उम्र 21)

विशालसिंग विनोदसिंग राजपूत (उम्र 23)

शिवम गिरीशचंद्र गुप्ता (उम्र 19)

वेदांत कांत उर्फ अमन रमाकांत पांडे (उम्र 28)

पवनकुमार शिवप्रसाद चौबे (उम्र 39)

अरविंद उर्फ नीरज हरीशंकर तिवारी (उम्र 35)

शैलेशकुमार कर्मवीरभाई खरवार (उम्र 31)

अजितकुमार रामशपथ पांडे (उम्र 24)

शिवम अशोक पांडे (उम्र 26)

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे