राजगढ़ः मोबाइल पर लिंक भेजकर खाते से उड़ाए 84 हजार 990, अज्ञात पर केस
राजगढ़, 24 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ी में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां 32 वर्षीय युवक के मोबाइल पर अनजान व्यक्ति ने लिंक भेजकर उसके बैंक खाते से 84 हजार 990 रुप निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने गुरुवार को अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम खेड़ी निवासी रामकरण पुत्र भारतसिंह यादव ने शिकायत में बताया कि 22 सितंबर को वह घर पर था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी अनजान व्यक्ति ने एक लिंक भेजी। लिंक को खोलने के बाद उसके खाते से तीन से चार बार ट्रांजेक्शन हुए और कुल 84 हजार 990 रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। कुछ देर बाद मोबाइल पर बैंक से राशि निकाले जाने के मैसेज आए, तब रामकरण को खाते से रुपए निकलने की जानकारी हुई। इसके बाद उसने पुलिस को मामले की शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपित के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मोबाइल नंबर, लिंक और बैंक खाते से संबंधित जानकारी जुटाकर आरोपित की तलाश कर रही है। पुलिस ने लोगों से अनजान नंबरों से आने वाली लिंक को बिना जांचे खोलने से बचने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

