home page

राजेंद्रपुर फायरिंग कांड में छह आरोपित गिरफ्तार

 | 
राजेंद्रपुर फायरिंग कांड में छह आरोपित गिरफ्तार


बैरकपुर, 1 जून (हि.स.)। शिवदासपुर थाना क्षेत्र के राजेंद्रपुर मोड़ स्थित एक निर्माणाधीन भवन के पास हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को अदालत में पेश किया जा रहा है और उनसे पूछताछ के लिए 10 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को राजेंद्रपुर मोड़ के निकट एक निर्माणाधीन भवन के पास हथियारों से फायरिंग की घटना हुई थी। घटना के बाद शिवदासपुर थाने में मामला संख्या 95/26 दर्ज किया गया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2), 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25/27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पारंपरिक जांच पद्धतियों की मदद से घटना में छह लोगों की संलिप्तता का पता लगाया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में नैहाटी थाना क्षेत्र के बाबलू शील, सूरजीत हलदार, विशाल कुमार मलिक और सुदीप्त सिंह उर्फ दीप शामिल हैं। इनके अलावा भाटपाड़ा थाना क्षेत्र के राहुल सिंह तथा नदिया जिले के ताहेरपुर निवासी आकाश दत्ता को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों को सोमवार को अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले की तह तक पहुंचने, घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच के लिए पुलिस अदालत से 10 दिनों की पुलिस हिरासत की मांग करेगी।

बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट के उत्तर मंडल के उपायुक्त (डीसीपी) असिम खान ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग की घटना के पीछे क्या उद्देश्य था और क्या इसमें अन्य व्यक्तियों की भी संलिप्तता है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय