सीआईडी क्राइम ब्रांच ने किया 41.510 किलो गांजा सहित तस्कर गिरफ्तार
जयपुर, 12 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान पुलिस की सीआईडी क्राइम ब्रांच की स्पेशल टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सीकर जिले के बलारा थाना क्षेत्र में एक स्विफ्ट कार से 41 किलो 510 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में झुंझुनूं जिले के खिरोड़ निवासी राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 21 लाख रुपये आंकी गई है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम सीकर और फतेहपुर क्षेत्र में आसूचना संकलन कर रही थी। इसी दौरान हेड कांस्टेबल को सूचना मिली कि स्विफ्ट कार में संदिग्ध सामान लेकर सीकर से लक्ष्मणगढ़ होते हुए झुंझुनूं की ओर जाया जा रहा है। इस सूचना पर सीकर पुलिस अधीक्षक संजीव नैन से समन्वय किया गया। उनके निर्देश पर सीआईडी क्राइम ब्रांच की टीम ने बलारा थाना पुलिस के साथ घेराबंदी की। पुलिस ने लक्ष्मणगढ़ की ओर से आ रही संदिग्ध कार को रुकवाने का प्रयास किया तो चालक ने कार को लहराते हुए भगाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने कार रुकवा ली। चालक ने कार लॉक कर दरवाजे नहीं खोले और दोबारा भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। जहां लक्ष्मणगढ़ सीओ जाकिर अख्तर की मौजूदगी में कार की तलाशी ली गई। पिछली सीट के पास रखे पीले कट्टे से 16 किलो 370 ग्राम और डिग्गी में रखे सफेद कट्टे से 25 किलो 140 ग्राम गांजा बरामद हुआ। दोनों कट्टों में कुल 20 पैकेट रखे थे। पुलिस ने 41 किलो 510 ग्राम गांजा जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत बलारा थाने में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपित राकेश कुमार से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच दादिया थानाधिकारी संजय पूनिया कर रहे हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में राकेश कुमार ने गांजा और कार अपने साथी विकास कुमार धींवा निवासी सेवापुरा, खिरोड़ की होना बताया है। आरोपित के अनुसार विकास कुछ दूरी पहले कार से उतर गया था और आगे पहुंचकर फोन करने पर वापस आने की बात कही थी। पुलिस को विकास के बड़े स्तर पर मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल होने की जानकारी मिली है। उसकी तलाश के साथ तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

