तीन अज्ञात बाइक सवारों ने राजाखेडा बाजार में की फायरिंग
धौलपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। जिले के राजाखेड़ा कसबे में सोमवार शाम को फिल्मी स्टाइल में आए बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने तीन व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। बिना नबर की बाइक पर आए बदमाशों ने बाइक से उतरते ही पहले दुकान का नाम पूछा और उसके बाद हवाई फायरिंग की। फायरिंग करने के बाद में बदमाश मौके से फरार हो गए। हवाई फायरिंग की पूरी घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। उधर इस संबंध में एसपी ने कहा कि बदमाशों को चिन्हित कर लिया गया है तथा उन्हें जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजाखेडा कसबे के मेन बाजार में सोमवार शाम को एक बिना नंबर बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए। इसके बाद में अज्ञात बदमाशों ने राजाखेडा कसबे में एक मोबाइल की दुकान,एक क्लॉथ स्टोर तथा ईंट भटटे पर हवाई फायरिंग की। दहशत फैलाने के इरादे से की गई इस फायरिंग में किसी को भी गोली नहीं लगी। फायरिंग की वारदात को अंजाम देने के बाद में बदमाश मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरा मफरी मच गई।
राजाखेड़ा कसबे के बाजार में सोमवार को एक बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा तीन अलग-अलग जगहों पर की गई हवाई फायरिंग की घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया है कि घटना के वीडियो फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया है। तीनों आरोपियों की तलाश में राजाखेड़ा पुलिस, सायबर सेल टीम एवं स्पेशल टीम जुटी हुई है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

