home page

रायसेन में भीषण सड़क हादसा, दो बसों की आमने-सामने की टक्कर में 3 की मौत, 15 घायल

 | 
रायसेन में भीषण सड़क हादसा, दो बसों की आमने-सामने की टक्कर में 3 की मौत, 15 घायल


रायसेन, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए। यहां भोपाल-सागर मार्ग पर सेहतगंज टोल प्लाजा के पास दो यात्री बसों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भयावह था कि एक यात्री का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई शवों की पहचान करना मुश्किल हो गया।

घटना सुबह करीब 11 बजे खरबई थाना चौकी अंतर्गत सेहतगंज टोल प्लाजा के पास हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद एक बस अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कई गंभीर घायलों को भोपाल रेफर किया गया है। मृतकों में नीतीश व्यास (28) निवासी पंडा टेकापार, सुल्तानगंज और माखन लोधी (29) निवासी पचीपुरा, बेगमगंज की पहचान हो चुकी है। तीसरे मृतक की शिनाख्त फिलहाल नहीं हो सकी है। शुरुआती रिपोर्टों में पांच लोगों की मौत की सूचना सामने आई थी, लेकिन प्रशासन ने बाद में तीन मौतों की आधिकारिक पुष्टि की।

भोपाल-सागर रूट की बसें हुईं हादसे का शिकार

रायसेन एसपी आशुतोष गुप्ता ने बताया कि दोनों बसें भोपाल-सागर मार्ग पर संचालित हो रही थीं। भोपाल से सागर जा रही बस में सवार यात्रियों की मौत हुई है, जबकि दूसरी बस के कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

ओवरस्पीड और मोड़ पर नियंत्रण खोने की आशंका

प्रत्यक्षदर्शी हेमराज लोधी के अनुसार, हादसे में शामिल शक्ति ट्रेवल्स और कल्पना ट्रेवल्स की बसें तेज रफ्तार से दौड़ रही थीं। मोड़ पर अधिक गति के कारण दोनों चालक बसों पर नियंत्रण नहीं रख सके और आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर का सबसे ज्यादा असर खिड़की के पास बैठे यात्रियों पर पड़ा, जिनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं।

बस में सवार थीं 30 से 35 सवारियां

यात्री ममता रैकवार ने बताया कि वह भोपाल के आईएसबीटी से सिलवानी जाने के लिए बस में सवार हुई थीं। बस में करीब 30 से 35 यात्री मौजूद थे। शुक्रवार सुबह 10:10 बजे रवाना होने के बाद टोल प्लाजा के आगे अचानक जोरदार झटका लगा और कई यात्री सीटों से नीचे गिर पड़े। उन्होंने बताया कि चालक ने बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन उसे भी चोटें आई हैं।

जांच में जुटी पुलिस

एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि केसली की ओर से आ रही बस और जयसिंहनगर दिशा से आ रही दूसरी बस के बीच सीधी भिड़ंत हुई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार, मोड़ और मार्ग की परिस्थितियों को दुर्घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे