home page

डिलीवरी कंपनियों के मैनेजरों की बैठक, ट्रैफिक नियमों के पालन और चरित्र सत्यापन के निर्देश

 | 
डिलीवरी कंपनियों के मैनेजरों की बैठक, ट्रैफिक नियमों के पालन और चरित्र सत्यापन के निर्देश


रायपुर, 12 सितंबर (हि. स.)। यातायात कमिश्नरेट रायपुर में पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने आज शनिवार को विभिन्न ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों एवं फर्मों के संचालकों और मैनेजरों की बैठक ली। बैठक में फ्लिपकार्ट, ब्लू डार्ट, डिलीवरी डॉट कॉम, ब्लिंकिट सहित अन्य डिलीवरी कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में डिलीवरी एजेंटों द्वारा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने, उनकी सुरक्षा तथा आम नागरिकों के विश्वास को बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि डिलीवरी कर्मी हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, रॉन्ग साइड वाहन न चलाएं, ओवरस्पीडिंग से बचें और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें।

डिलीवरी कर्मियों का चरित्र सत्यापन अनिवार्य

नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी डिलीवरी कर्मियों का पुलिस चरित्र सत्यापन अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश कंपनियों को दिए गए। यातायात पुलिस ने कहा कि डिलीवरी सेवाओं के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना कंपनियों की भी जिम्मेदारी है।

10-15 मिनट की डेडलाइन का दबाव न बनाने की समझाइश

बैठक में डिलीवरी कंपनियों को विशेष रूप से निर्देशित किया गया कि कर्मचारियों पर 10-15 मिनट जैसी तय समय सीमा में डिलीवरी पूरी करने का दबाव न बनाया जाए। अधिकारियों ने बताया कि समय की पाबंदी के दबाव में डिलीवरी कर्मी अक्सर हड़बड़ी और तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।

नियम तोड़ने पर कंपनी भी करे कार्रवाई

डिलीवरी एजेंटों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन अथवा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने की स्थिति में संबंधित कंपनियों को अपने स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों को समय-समय पर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने को कहा गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात श्री राम कुमार बर्मन, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात श्री सतीश ठाकुर और सहायक पुलिस आयुक्त यातायात श्री रमेश येरेवार भी उपस्थित रहे।

यातायात कमिश्नरेट रायपुर ने डिलीवरी कंपनियों से सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपेक्षा की है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं का उपयोग करते समय डिलीवरी कर्मियों से सामग्री प्राप्त करने में अनावश्यक जल्दबाजी न करें। यातायात नियमों का पालन करते हुए सड़क सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर