सूने मकानों को बनाते थे निशाना, महिला समेत तीन गिरफ्तार; सात लाख के सोने-चांदी के जेवर बरामद
टिकरापारा क्षेत्र की दो चोरी की वारदातों का खुलासा
रायपुर, 22 अक्टूबर (हि.स.)। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाली दो घटनाओं का पुलिस ने गुरुवार को खुलासा किया है।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक महिला सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, रावतपुरा फेस-2 निवासी श्याम तांती के मकान में 15 से 17 सितंबर 2026 के बीच चोरी हुई थी। अज्ञात चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर, नकदी तथा बाथरूम और किचन में लगे नल चोरी कर ले गए थे। इस मामले में टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 876/26 दर्ज किया गया था।
वहीं, रावतपुरा कॉलोनी निवासी देवनारायण साहू के मकान में 7 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 के बीच चोरी की दूसरी घटना हुई। यहां भी चोरों ने ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने के आभूषण और चांदी का सिक्का पार कर दिया था। इस मामले में अपराध क्रमांक 978/26 दर्ज किया गया।
मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर लक्ष्मण महानंद (28) और शेख खोकन (37) को पकड़कर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, दोनों ने चोरी की वारदातों में संलिप्तता स्वीकार की। जांच में दुरपती बाई साहू (37) की भूमिका भी सामने आई। चोरी के कुछ आभूषण बिक्री के लिए उसे दिए गए थे।
पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 7 लाख रुपये के आभूषण जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, लक्ष्मण महानंद पूर्व में भी टिकरापारा क्षेत्र के चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

