रायपुर रेलवे स्टेशन पर छह सौ किलो संदिग्ध पनीर जब्त
रायपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा विभाग और रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भोपाल से आई 600 किलो संदिग्ध पनीर की खेप को आज जब्त किया है। पनीर 10 बड़े डिब्बों में भरकर लाया गया था।
छत्तीसगढ़ में एनालॉग (संदिग्ध/नकली) पनीर पर लगे प्रतिबंध के बावजूद इसकी अवैध तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। भोपाल से अमरकंटक एक्सप्रेस के जरिए रायपुर पहुंची संदिग्ध पनीर को अधिकारियों ने रोककर अपने कब्जे में ले लिया। प्लेटफॉर्म पर रखी पेटियों पर न तो कोई बारकोड था और न ही रेलवे का लेबल, जिससे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि, प्रथम दृष्टया यह खेप एनालॉग पनीर जैसी प्रतीत हो रही है। पैकेटों पर सामग्री और न्यूट्रिशन वैल्यू की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हमने स्टेशन पर ट्रेन से उतरी इस संदिग्ध पनीर की खेप को तुरंत रुकवाया और इसके सैंपल (नमूने) एकत्र कर लिए हैं। इन सैंपलों को राज्य की खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी शुद्धता की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी। यदि रिपोर्ट में पनीर अमानक, मिलावटी या नकली (एनालॉग) पाया जाता है, तो संबंधित वेंडर और इसे मंगाने वाले के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और कोर्ट केस दर्ज किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान टीम ने कटनी निवासी प्रांशु राय नाम के युवक को हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह आशीष जायसवाल नामक व्यक्ति के कहने पर बिना बुकिंग पनीर ट्रेन में चढ़ाने आया था। युवक के मोबाइल की जांच में सौरभ शर्मा और आशीष जायसवाल के साथ पनीर सप्लाई से जुड़ी लंबी बातचीत और चैट रिकॉर्ड मिले हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

