home page

रायपुर प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग, आरोपित गिरफ्तार, पिस्तौल और कारतूस बरामद

 | 
रायपुर प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग, आरोपित गिरफ्तार, पिस्तौल और कारतूस बरामद


रायपुर में कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, घटना के कुछ घंटों के भीतर आरोपित पकड़ाया

रायपुर, 25 अक्टूबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग कर धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आज रविवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 5:30 बजे प्रेस क्लब परिसर में पिस्तौल से हवाई फायरिंग करने और धमकी देने की घटना सामने आई थी। मामले में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 410/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 एवं 351(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के कुछ घंटों के भीतर आरोपित पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित से घटना में इस्तेमाल की गई पिस्तौल, एक खाली खोखा और दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।

पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है। घटनाक्रम की पुष्टि और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए प्रेस क्लब परिसर के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर