home page

रायपुर : 5 घंटे में अपहृत बालक सकुशल बरामद, आरोपित गिरफ्तार

 | 

गुढ़ियारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, नागपुर पहुंचकर आरोपित को पकड़ा

रायपुर, 23 सितंबर (हि. स.)। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के नॉर्थ जोन की टीम ने अपहृत एक वर्षीय बालक को महज करीब पांच घंटे में सकुशल बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से बालक को जबरन अपने साथ ले जाने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और नागपुर पहुंचकर बालक को सुरक्षित बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को एक महिला ने थाना गुढ़ियारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि, पवन साहू उसके घर में घुसा और गाली-गलौज व धमकी देते हुए उसके एक वर्षीय बालक को जबरदस्ती अपने साथ ले गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर बालक की तलाश एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम सक्रिय की।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन तथा डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पतासाजी शुरू की। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे एवं सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के पर्यवेक्षण में थाना गुढ़ियारी की टीम आरोपित की तलाश में जुटी रही।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपित बालक को लेकर नागपुर, महाराष्ट्र की ओर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल उमरेड, नागपुर के लिए रवाना हुई। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने घटना के लगभग पांच घंटे के भीतर आरोपित पवन साहू को हिरासत में ले लिया और उसके कब्जे से बालक को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने बालक को सुरक्षित उसकी माता के सुपुर्द कर दिया। मामले में आरोपित पवन साहू को विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त रॉयल एनफील्ड क्लासिक मोटरसाइकिल जब्त की है। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।

बच्चे को सकुशल पाकर मां ने जताया आभार

बालक की सकुशल बरामदगी के बाद उसकी माता ने रायपुर कमिश्नरेट पुलिस, नॉर्थ जोन एवं थाना गुढ़ियारी की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद परिवार काफी चिंतित था, लेकिन पुलिस द्वारा सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई कर कुछ ही घंटों में बच्चे को सकुशल वापस लाया गया, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली।

बालक की माता ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद व्यक्त करते हुए वीडियो संदेश भी साझा किया है। पुलिस के अनुसार, त्वरित सूचना, लगातार पतासाजी और टीम की कार्रवाई के परिणामस्वरूप करीब पांच घंटे में बालक को सकुशल बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर