त्योहारों से पहले रायपुर पुलिस का विशेष अभियान, 91 आरोपित गिरफ्तार; 52 वारंट तामिल
- जुआ, अवैध शराब और हथियार रखने वालों पर कार्रवाई, 135 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
रायपुर, 11 नवंबर (हि. स.)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। 4 से 10 नवंबर तक चले इस अभियान में पुलिस ने विभिन्न मामलों में 91 आरोपिताें को गिरफ्तार किया। वहीं, 52 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली करने के साथ ही 135 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा की मॉनिटरिंग में यह अभियान चलाया गया। इसमें पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर, कबीर नगर, न्यू राजेन्द्र नगर, टिकरापारा एवं मुजगहन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।
जुआ खेलने और खिलाने वाले 73 आरोपित गिरफ्तार
अभियान के दौरान जुआ खेलने एवं खिलाने वालों के खिलाफ 22 प्रकरण दर्ज कर 73 आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 62 हजार 900 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।
अवैध शराब के नाै मामलों में कार्रवाई
आबकारी अधिनियम के तहत अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन करने वालों के खिलाफ 9 प्रकरण दर्ज किए गए। इस कार्रवाई में 9 आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 75.24 लीटर शराब जब्त की गई।
चाकू और देशी कट्टा लेकर घूम रहे 8 आरोपित गिरफ्तार
अवैध हथियार रखने एवं लेकर घूमने वालों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत 8 प्रकरण दर्ज कर 8 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 7 चाकू और 1 देशी कट्टा जब्त किया।
गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपित गिरफ्तार
मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया। इसमें एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.724 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
52 फरार वारंटियों की हुई धरपकड़
विशेष अभियान के दौरान फरार आरोपितों की तलाश करते हुए पुलिस ने 13 स्थायी वारंट और 39 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 52 वारंटों की तामिली की। इसके अलावा शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने की आशंका के चलते 135 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिम क्षेत्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि, शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी और सघन चेकिंग की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

