त्यौहारों से पहले रायपुर पुलिस अलर्ट, सेंट्रल जोन में 85 वारंटों पर कार्रवाई; 170 लोगों पर शिकंजा
- संदिग्धों की निगरानी से लेकर फरार वारंटियों की धरपकड़ तक चला अभियान
रायपुर, 15 अक्टूबर (हि. स.) । नवरात्रि और त्यौहारी आयोजनों के बीच शहर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सेंट्रल जोन ने साप्ताहिक अभियान तेज कर दिया है।
गरबा, डांडिया और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों में देर रात तक होने वाली भीड़ और आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने वारंटियों की धरपकड़, संदिग्धों की जांच और शांति भंग करने की आशंका वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सात थाना क्षेत्रों में कुल 85 वारंटों के संबंध में कार्रवाई की गई, जबकि 170 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
गुरुवार को पुलिस के मुताबिक, त्यौहारी सीजन में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए थाना स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है। गणेश चतुर्थी से शुरू हुई तैयारियों के तहत आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण और फरार आरोपियों की तलाश पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सात थानों में वारंटियों पर कार्रवाई
सेंट्रल जोन पुलिस ने अभियान के तहत 44 स्थाई वारंट और 41 गिरफ्तारी वारंटों के संबंध में कार्रवाई की। थाना सिटी कोतवाली में 22, गंज में 20, तेलीबांधा में 16, सिविल लाइन में 10, मौदहापारा में 8, गोलबाजार में 5 और देवेंद्र नगर में 4 वारंटों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने गंभीर एवं हिंसक अपराधों में संलिप्त फरार आरोपियों और लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे वारंटियों को प्राथमिकता में रखा है।
126 प्रकरणों में 170 व्यक्तियों पर कार्रवाई
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। धारा 170 के अंतर्गत 58 प्रकरणों में 76 व्यक्तियों तथा धारा 126/135(3) के अंतर्गत 68 प्रकरणों में 94 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 126 प्रकरणों में 170 व्यक्तियों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के दायरे में लिया गया। पुलिस का उद्देश्य संभावित विवादों और शांति भंग होने की परिस्थितियों को समय रहते नियंत्रित करना है।
नशे और अवैध हथियारों पर भी नजर
अभियान के दौरान गोलबाजार थाना क्षेत्र में आर्म्स एक्ट के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया। सिविल लाइन में आबकारी एक्ट के तीन मामले सामने आए। वहीं, देवेंद्र नगर, गंज और गोलबाजार में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक-एक प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। अन्य लघु अधिनियमों के तहत भी पुलिस ने कार्रवाई की।
सेंट्रल जोन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्यौहारी सीजन के दौरान निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्यौहारों का आनंद लें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

